इसरो, एनसिल और वनवेब द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता होम / इसरो, एनसिल और वनवेब द्वारा संयुक्त प्रेस वार्ता
23 अक्तूबर, 2022
इसरो, एनसिल और वनवेब की संयुक्त प्रेस वार्ता श्रीहरिकोटा से इसरो/एनसिल ने किया 36 वनवेब उपग्रहों का सफल प्रमोचन
• सभी 36 उपग्रह प्रचालनरत हैं, इसी के साथ एल.इ.ओ. में वनवेब के पीढ़ी-1 के उपग्रह समूह में उपग्रहों की कुल संख्या 462 हो गई
• एल.वी.एम.3 रॉकेट से सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र एस.डी.एस.सी.-शार, श्रीहरिकोटा, भारत से किया गया प्रमोचन न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनसिल) के लिए पहला समर्पित वाणिज्यिक प्रमोचन है
• इस सफल प्रमोचन के साथ, एल.इ.ओ. में भारी नीतभारों के लिए नए परिदृश्य खोलते हुए एल.वी.एम.3 भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक उत्प्रेरक बन चुका है
• वर्ष 2023 के लिए वैश्विक कवरेज की योजना तथा उत्तर में 50 डिग्री अक्षांश में संयोजकता समाधान के साथ वनवेब के लिए प्रमोचन कार्यक्रम का नया चरण सक्रिय
श्रीहरिकोटा, भारत, 23 अक्तूबर 2022 – आज वनवेब ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एस.डी.एस.सी.-शार), श्रीहरिकोटा, भारत से न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनसिल) द्वारा प्रमोचित 36 उपग्रहों के सफल प्रस्तारण की पूष्टि की। इसरो और एनसिल द्वारा किया गया यह प्रमोचन भारत के उत्कृष्ट अंतरिक्ष संगठन द्वारा की गई सबसे बड़ी वाणिज्यिक मांगों में से एक है और एल.वी.एम.3 रॉकेट से भेजा गया यह पहला मिशन है।
23 अक्तूबर 2022 दिन रविवार को स्थानीय समयानुसार 00.07 बजे उत्थापन हुआ। वनवेब के उपग्रह सफलतापूर्वक रॉकेट से अलग हुए और 01 घंटा 15 मिनट में 9 चरणों में ये कक्षाओं में स्थापित हुए और सभी 36 उपग्रहों से संकेत अधिग्रहण की पूष्टि की गई।
यह वनवेब का 14वां प्रमोचन है और इसके साथ उपग्रह समूह में 462 उपग्रह हो गए। यह प्रमोचन अपने नियोजित 648 निम्न भू-कक्षा (एल.इ.ओ.) वाले उपग्रह समूह के 70% से अधिक का प्रतिनिधित्व करता है, जो विश्व भर में उच्च गति, निम्न अंतर्निहितता संयोजकता प्रदान करेगा। आगामी केवल चार और प्रमोचनों के साथ वनवेब वर्ष 2023 में वैश्विक कवरेज सक्रिय करने के रास्ते पर बना रहेगा, जबकि इसके संयोजकता समाधान पहले से ही 50 डिग्री अक्षांश के उत्तर के क्षेत्रों में लाइव हैं।
एनसिल और इसरो के साथ यह साझेदारी वर्ष 2023 तक पूरे भारत में संयोजकता प्रदान करने की वनवेब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। लद्दाख से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक, वनवेब केवल उद्यमों के लिए ही नहीं, अपितु देशभर के दुर्गम क्षेत्रों सहित कस्बो, गावों, नगरपालिकाओं और विद्यालयों के लिए भी संयोजकता संबंधित सुरक्षित समाधान प्रदान करेगा। भारतमें संयोजकता बढ़ाने की वनवेब की प्रतिबद्धता को इसकी सबसे बड़ी निवेशक भारती ग्लोबल से समर्थन प्राप्त है।
पूरी तरह स्वदेशी प्रौद्योगिकी से साकार किये गये एल.वी.एम.3 प्रमोचक रॉकेट ने चार लगातार सफल मिशन किए थे, जिसमें महत्वपूर्ण चंद्रयान-2 मिशन शामिल है। गगनयान कार्यक्रम के लिए मानव अनुकूलन के भाग के तौर पर यह रॉकेट अनेक महत्वपूर्ण जॉंचों से गुजरा। टकराव से बचाने के लिए उपग्रहों को सटीक ढंग से तथा अन्य उपग्रहों से पर्याप्त दूरी पर अंत:क्षेपित करने की ग्राहक की आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु लंबकोणीय दिशा में अभिविन्यासित और पुनरभिविन्यासित करने के लिए क्रायो चरण को अत्यंत खास तरीके से डिजाइन किया गया था। प्रयोक्ता की दी समय सीमा के अंदर मांग के आधार पर अल्प समयावधि में इस रॉकेट को साकार किया गया था।
श्री सोमनाथ एस., सचिव, अंतरिक्ष विभाग एवं अध्यक्ष, इसरो ने कहा:आज की घटना देश और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक है। सबसे भारी नीतभार के साथ एल.इ.ओ. में एल.एम.वी.3 का यह पहला वाणिज्यिक प्रमोचन है। मुख्य रूप से एल.एम.वी.3 को 4 टन नीतभार क्षमता वाले भू-तुल्यकाली उपग्रहों को प्रमोचित करने के लिए तैयार किया गया था, जिसका उपयोग एल.इ.ओ. में 6 टन तक के नीतभारों के लिए किया जा सकता है।
‘’यह मिशन 36 उपग्रहों को 9 चरणों में सटीक ढंग से प्रमोचित करने की ग्राहक की अपेक्षाओं को पूरा करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस मिशन को इस तरह से डिजाइन किया गया कि इसरो में तैयार की गई नौवहन प्रणालियों का उपयोग करते हुए, सी.25 चरण को इस प्रचालन को संभालना था। उपग्रहों का अंत:क्षेपण ग्राहक की अपेक्षाओं के अनुकूल था। इसरो की वाणिज्यिक शाखा, एनसिल ने इस संविदा को लिया और अत्यंत कम समय में इसे निष्पादित किया।
"इससे भविष्य में और प्रमोचनों का रास्ता तैयार होगा। उपग्रहों की प्राप्ति से लेकर उनके अंत:क्षेपण तक वनवेब के साथ निर्बाध बातचीत चलती रही। इसरो और वनवेब टीमों ने परिवार की भांति कार्य किया। मैं सभी इसरो केंद्रों और भारतीय उद्योगों का इस सराहनीय कार्य के लिए प्रशंसा करता हूँ तथा एनसिल एवं वनवेब को एल.एम.वी.3ए.2/वनवेब इंडिया-1 मिशन के सफल प्रमोचन के लिए बधाई देता हूँ।"
सुनील भारती मित्तल, वनवेब कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा: ‘’आज का प्रमोचन वनवेब के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत से हमारे प्रमोचन कार्यक्रम का यह नया चरण ना केवल हमें हमारे वैश्विक कवरेज को बढ़ाने, अपितु भारत और दक्षिण एशिया में खासकर उन समुदायों को, जिन्हें इसकी सर्वाधिक आवश्यकता है, संयोजकता प्रदान करने में भी एक कदम करीब लाता है।
मुझे गर्व है कि मैं अपने साझेदारों इसरो और एनसिल के साथ यहॉं श्रीहरिकोटा में हूँ। वनवेब उपग्रह समूह में भारतीय तत्व होने का मेरा सपना आज साकार हुआ है। इसरो और एनसिल के साथ यह प्रमोचन देश में अरबों डालर लाने की संभावना के साथ भारत में अंतरिक्ष क्षेत्र का विस्तार करता है।
‘’मैं हमारे माननीय प्रधानमंत्री के दूरगामी नेतृत्व की प्रशंसा करना चाहता हूँ कि उन्होंने निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र का विस्तार किया। मैं इसरो, एनसिल और भारतीय प्राधिकारियों का भी कार्यक्रम का सटीक अनुपालन करने के लिए जोकि अत्यंत कम समय मे किया गया, आभार प्रकट करता हूँ।
राधाकृष्णन डी., अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड ने कहा: ‘’सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से जी.एस.एल.वी.-मार्क III के जरिए 36 वनवेब उपग्रहों का सफल प्रमोचन एनसिल और इसरो के लिए ऐतिहासिक क्षण है। इस महत्वपूर्ण प्रमोचन को सहायता प्रदान करने के लिए हम लोगों ने वनवेब की टीम के साथ मिलकर काम किया, जिसे भारत में उपग्रह संयोजकता के लिए अवसरों का प्रदर्शन करते हुए कुछ महीनों के कीर्तिमान समय में पूरा किया गया। हम आशा करते है कि वनवेब के साथ हमारी साझेदारी मजबूत होगी और हम उस क्षमता का उपयोग कर सकेंगे जिससे एल.इ.ओ. संयोजकता पूरे भारतभर में ब्राडबैंड सेवाएं प्रदान करता है।‘’
नील मास्टर्सन, वनवेब के मुख्य कार्यपालक की टिप्पणी: ‘’ मुझे खुशी है कि हम वनवेब के प्रमोचन कार्यक्रम को पुन: शुरू कर पा रहे हैं। यह प्रमोचन हमारी टीम और हमारे साझेदार इसरो और एनसिल तथा साथ ही साथ हितधारक, भारती ग्लोबल के अथक परिश्रम के कारण संभव हो पाया है। हमारे वैश्विक कवरेज नेटवर्क को बढ़ाने के लिए इस अंतरराष्ट्रीय प्रयास द्वारा प्रदर्शित सहयोग की भावना हमारी रणनीति का केंद्र है। वनवेब में हम संयोजकता की बाधाओं को दूर करने के लिए अत्यंत केंद्रित रहते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हमारे द्वारा विश्वभर में समुदायों और ग्राहकों को सुविधा मिले।‘’
आने वाले महीनों में वनवेब प्रमोचन कार्यक्रमों पर ध्यान केंद्रित करना जारी रखेगा और जहॉं इसकी सेवाएं लाइव हैं, वहॉं संयोजकता समाधान शुरू करने के लिए मुख्य वितरण साझेदारों के साथ भी कार्य करेंगे। वनवेब संचार क्षेत्र में प्रमुख कंपनियों के साथ नवोन्मेषी रणनीति साझेदारी को आगे ले जाएगा और अपने कवरेज समाधानों के शुभारंभ में सहायता प्रदान करने के लिए आने वाले महीनों में करारों पर हस्ताक्षर करेगा।