श्रीहरिकोटा से पी.एस.एल.वी.-सी50 द्वारा सी.एम.एस.-01 का सफल प्रमोचन होम / प्रेस विज्ञप्ति / श्रीहरिकोटा से पी.एस.एल.वी.-सी50 द्वारा सी.एम.एस.-01 का सफल प्रमोचन
17 दिसंबर 2020 दिन बुधवार को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एस.डी.एस.सी.) शार, श्रीहरिकोटा से पी.एस.एल.वी.-सी50 द्वारा भारत के संचार उपग्रह सी.एम.एस.-01 का सफल प्रमोचन किया गया।
सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र शार के द्वितीय प्रमोचन पैड से सी.एम.एस.-01 के साथ पी.एस.एल.वी.-सी50 ने भारतीय समय 15:41 बजे उड़ान भरा। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट 12 सेकेंड बाद, रॉकेट ने उपग्रह को इसकी वांछित कक्षा में अंत:क्षेपित किया।
अंत:क्षेपण के बाद सी.एम.एस.-01 के सौर पैनल स्वचालित ढंग से खुल गए तथा हासन स्थित मुख्य नियंत्रण सुविधा ने उपग्रह के नियंत्रण का कार्य ले लिया। आने वाले दिनों में कक्षा को बढ़ाने के युक्तिचालन किये जाएंगे, ताकि उपग्रह को भू-स्थिर कक्षा में इसकी तय स्थिति में लाया जा सके।
प्रमोचन की सफलता के बाद इसरो के अध्यक्ष ने कोविड-19 महामारी के बीच इस मिशन को साकार करने के लिए उपग्रह तथा प्रमोचक रॉकेट दोनों टीमों के अथक प्रयास की सराहना की।
सी.एम.एस.-01 एक संचार उपग्रह है जिसे आवृत्ति स्पेक्ट्रम के विस्तारित-सी. बैंड में सेवा प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। विस्तारित सी.-बैंड कवरेज में भारतीय मुख्य भू-भाग, अंडमान निकोबार एवं लक्षद्वीप दीप समूह शामिल होंगे। सी.एम.एस.-01 भारत का 42वां संचार उपग्रह है।
पी.एस.एल.वी.-सी50, पी.एस.एल.वी. की 52वीं उड़ान तथा ‘एक्स.एल.’ संरूपण (6 स्ट्रैप-ऑन मोटरों सहित) में पी.एस.एल.वी. की 22वीं उड़ान हैं। एस.डी.एस.सी. शार, श्रीहरिकोटा से यह 77वां प्रमोचक रॉकेट मिशन था।
आगामी पी.एस.एल.वी.-सी51 मिशन के बारे में बात करते हुए डॉ. कै. शिवन ने कहा, “आगामी मिशन देश में हाल में किए गए अंतरिक्ष सुधारों का नतीजा होगा”। आगे उन्होंने बताया कि आगामी मिशन निजी इकाइयों द्वारा बनाए गए तीन उपग्रहों को ले लाएगा।