26 एवं 27 अक्टूबर, 2026 को अंतर-सरकारी परामर्शदात्री समिति (आईसीसी-30) के तीसवें सत्र और 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को एशिया और प्रशांत (एमसी-5) क्षेत्र में सतत विकास के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर पांचवें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में इसरो की भागीदारी
होम / 26 एवं 27 अक्टूबर, 2026 को अंतर-सरकारी परामर्शदात्री समिति (आईसीसी-30) के तीसवें सत्र और 28 एवं 29 अक्टूबर 2026 को एशिया और प्रशांत (एमसी-5) क्षेत्र में सतत विकास के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर पांचवें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन में इसरो की भागीदारी

13 नवंबर, 2026

डॉ. जयप्रकाश वी. थॉमस, निदेशक, ईडीपीओ, इसरो मुख्यालय के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने 28 और 29 अक्टूबर 2026 को संयुक्त राष्ट्र एशिया और प्रशांत आर्थिक और सामाजिक आयोग (यूएन ईएससीएपी) द्वारा संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन केंद्र (यूएनसीसी), बैंकॉक, थाईलैंड में आयोजित एशिया और प्रशांत में सतत विकास के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर पांचवें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन (एमसी-5) में भाग लिया।

अध्यक्ष, इसरो/सचिव, अं.वि. ने वीडियो संदेश के माध्यम से उद्घाटन सत्र में सम्मेलन को संबोधित किया, साथ ही ईएससीएपी की कार्यकारी सचिव सुश्री अरमिदा सलसियाह अलिसजहबाना और थाईलैंड के उप प्रधान मंत्री और उच्च शिक्षा, विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार मंत्री महामहिम श्री योडचनन वोंगसावत का विशेष उद्घाटन भाषण भी शामिल था। अपने वीडियो संदेश में इसरो के अध्यक्ष/सचिव, अं.वि.ने सतत विकास के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों में इसरो के संयुक्त राष्ट्र-ईएससीएपी के साथ लंबे और सफल सहयोग और भारतीय अंतरिक्ष समुदाय द्वारा की गई उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष, इसरो/सचिव, अं.वि. ने ईएससीएपी सदस्य देशों को अपने संबंधित क्षेत्रों में सतत विकास प्राप्त करने के लिए अंतरिक्ष क्षेत्र के अनुप्रयोगों को आगे बढ़ाने हेतु भारतीय अंतरिक्ष क्षेत्र के स्टार्टअप और शिक्षाविदों के साथ जुड़ने के लिए भी आमंत्रित किया।

फोटो 1: अध्यक्ष, इसरो/सचिव अं.वि. वीडियो संदेश के माध्यम से एमसी-5 को संबोधित करते हुए

फोटो 1: अध्यक्ष, इसरो/सचिव अं.वि. वीडियो संदेश के माध्यम से एमसी-5 को संबोधित करते हुए

भूटान के विदेश मंत्री महामहिम श्री डी.एन. धुंग्येल; नेपाल के ऊर्जा, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री महामहिम श्री बिराज भक्त श्रेष्ठ; फिलीपींस की अंतरिक्ष एजेंसी की महानिदेशक महामहिम सुश्री गे जेन पेरेज़; समोआ के भूमि और सर्वेक्षण मंत्री महामहिम श्री फोइसला लिलो टूओ इओने; श्रीलंका के स्वास्थ्य और जनसंचार मंत्री महामहिम श्री नलिंद जयतिसा; बिम्सटेक के महासचिव महामहिम श्री इंद्र मणि पांडे; दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ के महासचिव महामहिम श्री काओ किम होर्न; विश्व मौसम विज्ञान संगठन की महासचिव सुश्री सेलेस्टे साउलो; बाहरी अंतरिक्ष मामलों के लिए संयुक्त राष्ट्र कार्यालय की निदेशक सुश्री आरती होल्ला-मैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने एमसी-5 के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया।

फोटो 2: एमसी-5 में भाग लेने वाले देश के प्रमुखों की समूह तस्वीर

फोटो 2: एमसी-5 में भाग लेने वाले देश के प्रमुखों की समूह तस्वीर

डॉ. जयप्रकाश वी. थॉमस, निदेशक, ईडीपीओ, इसरो मुख्यालय ने 'डेटा से कार्रवाई तक - संवर्धित क्षेत्रीय सहयोग के माध्यम से एक लचीले और समावेशी भविष्य के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों का उपयोग' कार्यसूची मद पर देश का वक्तव्य प्रस्तुत किया और ‘जकार्ता मंत्रिस्तरीय घोषणा और सतत विकास के लिए अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर एशिया-प्रशांत कार्य योजना (2018-2030), चरण II (2022-2026) के कार्यान्वयन में भारत द्वारा की गई प्रगति’ विषय पर सम्मेलन के बारे में भी अवगत कराया।

फोटो 3: सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल

फोटो 3: सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल

एमसी-5 (29 अक्टूबर 2026) के दूसरे दिन, ईडीपीओ के निदेशक डॉ. जयप्रकाश वी. थॉमस ने ‘सागरमाता से समुद्र तक- एशिया और प्रशांत क्षेत्र में व्यापक खतरों के प्रति प्रतिरोध क्षमता को मजबूत करने के लिए नेपाल के भोटेकोशी-त्रिशूली आपदा से सबक' नामक उच्च स्तरीय क्षेत्रीय संवाद में आमंत्रित पैनलिस्ट के रूप में भाग लिया। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के कारणों का पता लगाने और मॉनीटरन करने में भू-प्रेक्षण मिशनों की क्षमताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने हिमालय क्षेत्र में प्राकृतिक आपदाओं के लिए परिचालन संबंधी पूर्व चेतावनी और पूर्व सूचना के लिए अंतरिक्ष और भू-प्रेक्षणों को निरंतर आधार पर एकीकृत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

फोटो 4: डॉ. जयप्रकाश वी. थॉमस, निदेशक, ई.डी.पी.ओ., एम.सी.-5 के दूसरे दिन उच्च स्तरीय क्षेत्रीय संवाद, सागरमाता से समुद्र तक' के दौरान पैनलिस्ट के रूप में।

फोटो 4: डॉ. जयप्रकाश वी. थॉमस, निदेशक, ई.डी.पी.ओ., एम.सी.-5 के दूसरे दिन उच्च स्तरीय क्षेत्रीय संवाद, सागरमाता से समुद्र तक' के दौरान पैनलिस्ट के रूप में।

इस सम्मेलन ने इसरो प्रतिनिधिमंडल को अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों, सदस्य देशों के सरकारी मंत्रालयों एवं संयुक्त राष्ट्र कार्यालयों के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करने हेतु एक मंच भी प्रदान किया। नेपाल के ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री महामहिम श्री बिराज भक्त श्रेष्ठ ने भारत सरकार द्वारा दिए गए समर्थन की सराहना करते हुए पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा पूर्व चेतावनी एवं क्षमता निर्माण हेतु अंतरिक्ष अनुप्रयोगों के क्षेत्र में नेपाल एवं भारत के बीच सहयोग को सुदृढ़ बनाने में गहरी रुचि व्यक्त की।

फोटो 5: इसरो/भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ई.एस.ए. प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा करते हुए।

फोटो 5: इसरो/भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य ई.एस.ए. प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा करते हुए।

सम्मेलन, एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र में सतत विकास हेतु अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर मंत्रिस्तरीय घोषणा, 2026 (बैंकॉक घोषणा-2026) को अंगीकृत करने के साथ संपन्न हुआ।

एम.सी.-5 से पहले, ई.एस.सी.ए.पी. ने 26 एवं 27 अक्टूबर को एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र में सतत विकास हेतु क्षेत्रीय अंतरिक्ष अनुप्रयोग कार्यक्रम (आर.ई.एस.ए.पी.) पर अंतर सरकारी परामर्शदात्री समिति (आई.सी.सी.-30) का तीसवां सत्र आयोजित किया। इसरो के दो अधिकारियों, श्री राजीव कुमार, समूह निदेशक, एस.आर. एवं एल.यू.एम.जी., आर.एस.ए.ए., एन.आर.एस.सी. और डॉ. भास्कर आर. निकम, उप निदेशक, ई.डी.पी.ओ. ने आई.सी.सी.-30 में भाग लिया एवं 'सतत विकास हेतु अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर एशिया-प्रशांत कार्य योजना (2018-2030)' एवं 'एशिया एवं प्रशांत क्षेत्र में सतत विकास हेतु अंतरिक्ष अनुप्रयोगों पर जकार्ता मंत्रिस्तरीय घोषणा का कार्यान्वयन' पर देश की रिपोर्ट प्रस्तुत की। एन.आर.एस.सी./इसरो के अतिरिक्त प्रतिनिधियों ने आई.सी.सी.-30 के सह-कार्यक्रम 'विशेषज्ञ समूह बैठक: कृषि सूखा प्रत्यास्थता हेतु भू-प्रेक्षण का उपयोग: मध्य एशिया में सतत सूखा मॉनीटरन प्रणाली' में वर्चुअल रूप से भाग लिया। डॉ. वी. एम. चौधरी, समूह निदेशक, ए.एस. एवं ए.जी., आर.एस.ए.ए., एन.आर.एस.सी. ने इस सत्र में कृषि सूखे की पूर्व चेतावनी के आकलन में भू-प्रेक्षण का लाभ उठाने में भारत के अनुभव को प्रस्तुत किया।

फोटो 6: आई.सी.सी.-30 में भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों का समूह चित्र।

फोटो 6: आई.सी.सी.-30 में भाग लेने वाले देशों के प्रतिनिधियों का समूह चित्र।