गगनयान मिशन के कर्मीदल मॉड्यूल प्रणालियों के लिए प्रमुख अर्हता परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए
होम / गगनयान मिशन के कर्मीदल मॉड्यूल प्रणालियों के लिए प्रमुख अर्हता परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए

12 जुलाई, 2026

हाल ही में इसरो ने गगनयान मिशन के कर्मीदल मॉड्यूल (सीएम) प्रणाली के लिए तीन प्रमुख अर्हता परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए हैं: कर्मीदल मॉड्यूल अप-राइटिंग प्रणाली (सीएमयूएस) के लिए फ्लोट इन्फ्लेशन परीक्षण, कर्मीदल मॉड्यूल सर्विस मॉड्यूल संयोजन एवं वियोजन प्रणाली (सीएससीडीएस) की अम्बिलिकल पृथक्करण परीक्षण और शीर्ष आवरण पृथक्करण भार के लिए कर्मीदल मॉड्यूल संरचना अर्हता परीक्षण।

1. कर्मीदल मॉड्यूल अप-राइटिंग प्रणाली (सीएमयूएस) का फ्लोट इन्फ्लेशन परीक्षण:

समुद्र में अवतरण के बाद कर्मीदल मॉड्यूल की सीधी स्थिति सुनिश्चित करना कर्मीदल की सुरक्षा की महत्वपूर्ण ज़रूरतों में से एक है। इस ज़रूरत को पूरा करने के लिए एक संग्रहित शीतल गैस-आधारित अप-राइटिंग प्रणाली विकसित की गई है।

सीएमयूएस के सभी हिस्सों वाला एक प्रणाली स्तर का अर्हता परीक्षण ढांचा तैयार किया गया और प्रारंभिक इन्फ्लेशन मॉड्यूल के लिए इन्फ्लेशन परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे किए गए। इसमें नियंत्रण वाल्व चलाकर उच्च दाब वाले गैस बोतल में भरी गैस से फ्लोटेशन को फुलाया गया। टेस्ट से पता चला कि इन्फ्लेशन मॉड्यूल प्रारंभिक फ्लोटेशन की तैनाती के लिए कार्यात्मक और निष्पादन की ज़रूरतों को पूरा करता है। परीक्षण में गैस बोतल के प्रेशर की पूरी प्रचालनात्मक रेंज में इन्फ्लेशन के समय की ज़रूरतों को भी पूरा होते देखा गया।

कर्मीदल मॉड्यूल अप-राइटिंग प्रणाली (सीएमयूएस) का फ्लोट इन्फ्लेशन परीक्षण
2. कर्मीदल मॉड्यूल सर्विस मॉड्यूल संयोजन वियोजन प्रणाली (सीएससीडीएस) का अम्बिलिकल प्रथक्कारण परीक्षण:

कर्मीदल मॉड्यूल सर्विस मॉड्यूल - संयोजन वियोजन प्रणाली (सीएस-सीडीएस) प्रमुख प्रणालियों में से एक है जो कर्मीदल मॉड्यूल (सीएम) और सर्विस मॉड्यूल (एसएम) के बीच विद्युत/जल-वात अम्बिलिकल लिंक के रूप में काम करता है। सीएम और एस एम के बीच सभी विद्युत संचार और वातावरण नियंत्रण एवं जीवन सहायता प्रणाली (ईसीएलएसएस) के लिए द्रव संचार सीएस-सीडीएस के माध्यम से होता है। इस प्रणाली में दो हिस्से होते हैं: कर्मीदल मॉड्यूल - सर्विस मॉड्यूल अम्बिलिकल (सीएस यू-1 और सीएसयू-2), जो क्रमशः सीएम और एसएम की ओर होते हैं। सीएसयू-1 पर सीएम से एसएम के अलग होने के बाद, सीएम के पुनः प्रवेश से पहले सीएम की तरफ वाला सीएसयू -2 अलग किया जाता है।

अनुरूपी कर्मीदल मॉड्यूल से सीएसयू-2 का पृथक्करण परीक्षण किया गया। परीक्षण में सीएसयू-2 का आसानी से अलग होना और कर्मीदल मॉड्यूल पैनल व उनके इंटरफेस की संरचनात्मक स्थिरता दिखाई दी। परीक्षण ने समेकित सीएसयू-2 प्रणाली की कार्यक्षमता को प्रमाणित किया और ज़रूरी डिज़ाइन लाभ को प्रदर्शित किया।

कर्मीदल मॉड्यूल सर्विस मॉड्यूल संयोजन वियोजन प्रणाली (सीएससीडीएस) का  अम्बिलिकल प्रथक्कारण परीक्षण
3. शीर्ष आवरण पृथक्करण भार के लिए कर्मीदल मॉड्यूल संरचनात्मक अर्हता परीक्षण:

मिशन के दौरान कर्मीदल मॉड्यूल का शीर्ष आवरण पैराशूट और उससे जुड़ी उपप्रणालियों को सुरक्षा प्रदान करता है। कर्मीदल मॉड्यूल की गति कम करने के लिए पैराशूटों को क्रम से खोलने से पहले, एक तय ऊंचाई पर पाइरोटेक्निक से प्रेरित प्रणोदों की मदद से शीर्ष आवरण को अलग किया जाता है।

शीर्ष आवरण को अलग करने की प्रक्रिया के दौरान कर्मीदल मॉड्यूल की संरचनात्मक मज़बूती की जांच करने के लिए, एक उपकरण युक्त परीक्षण रिग के साथ अनुरूपी कर्मीदल मॉड्यूल और उससे जुड़ी प्रणालियाँ तैयार की गई। इसके बाद, अनुरूपी कर्मीदल मॉड्यूल पर तय स्थानों पर अनुमानित प्रतिक्रिया भार के लगभग 1.75 गुना भार का प्रयोग किया गया। परीक्षण के दौरान मापे गए सभी तनाव और विकृतियों ने संरचनात्मक मजबूती की पुष्टि की और उड़ान के दौरान शीर्ष आवरण को अलग करने की प्रक्रिया के लिए कर्मीदल मॉड्यूल की मज़बूती को भी प्रमाणित किया।

शीर्ष आवरण पृथक्करण भार के लिए कर्मीदल मॉड्यूल संरचनात्मक अर्हता परीक्षण