इसरो ने गगनयान सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली का सफल तप्त परीक्षण किया
होम / इसरो ने गगनयान सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली का सफल तप्त परीक्षण किया

09 जुलाई, 2025

इसरो ने 03 जुलाई, 2025 को इसरो नोदन परिसर (आईपीआरसी), महेंद्रगिरि में गगनयान सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली (एसएमपीएस) के दो तप्त परीक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किए।

परीक्षण सामग्री के विन्यास की पुष्टि के लिए 30 सेकंड और 100 सेकंड की दो लघु अवधि के तप्त परीक्षण किए गए। इन तप्त परीक्षणों के दौरान नोदन प्रणाली का समग्र प्रदर्शन पूर्व-परीक्षण पूर्वानुमानों के अनुसार सामान्य रहा। 100 सेकंड के परीक्षण के दौरान, सभी एलएएम इंजनों के साथ-साथ विभिन्न विधाओं (स्थिर अवस्था; स्पंदित) में सभी आरसीएस प्रणोदकों का एक साथ संचालन भी सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया गया।

इसरो का द्रव नोदन प्रणाली केंद्र (एलपीएससी) गगनयान एसएमपीएस के लिए प्रौद्योगिकी विकास गतिविधियों का नेतृत्व कर रहा है। एसएमपीएस गगनयान कक्षीय मॉड्यूल की एक महत्वपूर्ण प्रणाली है और कक्षीय युक्तिचालन के साथ-साथ विशिष्ट निस्तारण परिदृश्यों के दौरान इसकी आवश्यकता होती है। इसमें 5 द्रव अपभू मोटर (एलएएम) इंजन (प्रत्येक 440 न्यूटन थ्रस्ट) और 16 प्रतिक्रिया नियंत्रण प्रणाली (आरसीएस) प्रणोदक (प्रत्येक 100 न्यूटन थ्रस्ट) शामिल हैं। उड़ान के करीब नोदन प्रणाली की स्थितियों का अनुकरण करने के लिए, इन तप्त परीक्षणों के लिए एसएमपीएस परीक्षण सामग्री में पहले के तप्त परीक्षणों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर सुधार शामिल किए गए हैं। इसरो जल्द ही इन तप्त परीक्षणों से प्राप्त आत्मविश्वास द्वारा एक पूर्ण अवधि का तप्त परीक्षण करेगा।

ISRO conducts successful hot tests of Gaganyaan Service Module Propulsion System