गगनयान मिशन के लिए सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली प्रौद्योगिकी के सफल विकास की उपलब्धि
होम / गगनयान मिशन के लिए सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली प्रौद्योगिकी के सफल विकास की उपलब्धि

11 जुलाई, 2025

इसरो ने योग्यता परीक्षण कार्यक्रम के पूरा होने के साथ ही गगनयान मिशन के लिए सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली (एसएमपीएस) का विकास सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 11 जुलाई, 2025 को सेवा माड्यूल आधारित मिशन निरस्तीकरण की असामान्य उड़ान मिशन प्रोफ़ाइल के लिए सेवा माड्यूल नोदन प्रणली (एसएमपीएस) के एकीकृत प्रदर्शन को मान्यता प्रदान करने हेतु 350 सेकेंड की अवधि के लिए एसएमपीएस का पूर्ण अवधि तप्त परीक्षण किया गया। तप्त परीक्षण के दौरान नोदन प्रणाली का समग्र प्रदर्शन पूर्व-परीक्षण पूर्वानुमानों के अनुसार सामान्य रहा।

गगनयान का सेवा मॉड्यूल (एसएम) एक विनियमित द्वि-नोदक आधारित नोदन प्रणाली है, जो आरोहण चरण के दौरान कक्षा वृत्ताकारीकरण, कक्षीय नियंत्रण, विकक्षायन प्रचालन और सेवा मॉड्यूल आधारित निरस्तीकरण हेतु कक्षीय मॉड्यूल की आवश्यकताओं को पूरा करता है। द्रव अपभू मोटर (एलएएम) इंजन कक्षा वृत्ताकारीकरण और विकक्षायन चरणों के दौरान मुख्य प्रेरक बल प्रदान करते हैं, जबकि प्रतिक्रिया नियंत्रण प्रणाली (आरसीएस) प्रणोदक सटीक अभिवृत्ति नियंत्रण सुनिश्चित करता है।

सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली के द्रव परिपथ का अनुकरण करते हुए एक प्रणाली प्रदर्शन मॉडल (एसडीएम) परीक्षण मंच तैयार किया गया, जिसमें नोदक टैंक भरण प्रणाली, हीलियम दाब प्रणाली, उड़ान-योग्य प्रणोदक और नियंत्रण घटक शामिल हैं। सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली के लिए एसडीएम विभिन्न गगनयान मिशन परिदृश्यों और मानव अनुकूलन की आवश्यकताओं के लिए 14,331 सेकेंड की कुल अवधि के लिए सामान्य और असामान्य स्थितियों में 25 परीक्षणों से गुजरा है।

गगनयान सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली को द्रव नोदन प्रणाली केंद्र (एलपीएससी) द्वारा डिजाइन, विकसित और साकार किया गया है और इससे संबंधित परीक्षण इसरो नोदन परिसर (आईपीआरसी), महेंद्रगिरि में किए गए थे।

गगनयान मिशन के लिए सेवा मॉड्यूल नोदन प्रणाली प्रौद्योगिकी के सफल विकास की उपलब्धि