एलवीएम3 एम7 मिशन के लिए सीई20 क्रायोजेनिक इंजन का सफल तप्त परीक्षण
होम
/ एलवीएम3 एम7 मिशन के लिए सीई20 क्रायोजेनिक इंजन का सफल तप्त परीक्षण
10 सितंबर, 2026
09 सितंबर, 2026 को इसरो ने एलवीएम3 प्रमोचन यान (एलवीएम-एम7) के सातवें प्रचालनीय मिशन के लिए चिह्नित क्रायोजेनिक इंजन का उड़ान स्वीकृति तप्त परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया। यह परीक्षण इसरो नोदन परिसर (आईपीआरसी), महेंद्रगिरि में मुख्य इंजन एवं चरण परीक्षण सुविधा (एमईटी) में किया गया। हर मिशन के क्रायोजेनिक इंजन को उड़ान स्वीकृति मिलने से पहले तप्त परीक्षण से गुज़रना पड़ता है। अधिक ऊंचाई पर परिचालन के लिए डिज़ाइन किए गए नोज़ल वाले इस ऊपरी चरण इंजन का समुद्र तल की परिस्थितियों में तप्त परीक्षण करने के लिए, एक नोज़ल सुरक्षा प्रणाली (एनपीएस) का विकास किया गया था और अनेक अर्हता परीक्षणों के माध्यम से उसे प्रमाणित किया गया था। एनपीएस ने उच्च तुंगता परीक्षण सुविधा में उड़ान जैसी निर्वात स्थितियों को बनाकर क्रायोजेनिक इंजन के उड़ान स्वीकृति परीक्षण में लगने वाले समय और मेहनत को कम कर दिया है।
लवीएम3 यान की नीतभार क्षमता को बढ़ाने के लिए, एलवीएम3 के भविष्य के मिशनों में सी32 चरण को सीई20 इंजन के लिए 22 टन के उन्नयन प्रणोद स्तर पर चलाने की योजना है। इस दृष्टिकोण से उड़ान स्वीकृति परीक्षण 22 टन के प्रणोद स्तर पर किया गया।
सीई20 इंजन का प्रदर्शन सभी परीक्षण लक्ष्यों पर खरा उतरा, जिससे इंजन प्रणाली के संतोषजनक प्रदर्शन की पुष्टि हुई। इस परीक्षण में, गगनयान के सी32 चरण के लिए बने एलओएक्स टैंक दाबानुकूलन मॉड्यूल (एलटीपीएम) को भी सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया गया। इंजन का नवीनीकरण करने के पश्चात वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में तय एलवीएम3 एम7 मिशन के लिए सी32 के उड़ान चरण के साथ समुच्चयन किया जाएगा।