25 फरवरी, 2025
इसरो ने 14 फरवरी 2025 को आदित्य-एल1 मिशन से प्राप्त वैज्ञानिक डेटा का दूसरा सेट जारी किया। डेटा सेट में सूर्य के प्रकाशमंडल, वर्णमण्डल (क्रोमोस्फीयर) और इसके बाहरी वायुमंडल (कोरोना) के साथ-साथ प्रथम पृथ्वी-सूर्य लैग्रेंज प्वाइंट एल1 पर स्वस्थाने कणों और चुंबकीय क्षेत्र के मापों के बारे में बहुमूल्य वैज्ञानिक जानकारी शामिल है।
आदित्य एल1 डेटासेट भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान डेटा केंद्र (आईएसएसडीसी) पोर्टल की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। आईएसएसडीसी वेबसाइट के माध्यम से आदित्य-एल1 डेटा तक पहुंचने के लिए https://www.issdc.gov.in/adityal1.html ,पर जाकर डेटा डाउनलोड खण्ड पर जाना होगा। डेटा को PRADAN पोर्टल लिंक https://pradan.issdc.gov.in/al1 या https://pradan1.issdc.gov.in/al1 पर सीधे प्राप्त किया जा सकता है। इसरो शोधकर्ताओं और छात्रों के समुदाय को इन डेटासेट का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करता है। पंजीकरण के बाद आदित्य-एल1 नीतभार के डेटा का विश्लेषण करने के लिए उपयोगकर्ता मैनुअल भी उपरोक्त वेब-पते पर उपलब्ध हैं।
इसरो द्वारा 6 जनवरी 2025 को आदित्य-एल1 से प्राप्त प्रथम डेटा सेट जारी किया गया था और एक राष्ट्रीय बैठक आयोजित की गई थी। वर्तमान में, आदित्य-एल1, एल1 के चारों ओर प्रभामंडल कक्षा में अपनी तीसरी परिक्रमा के दौरान सूर्य का प्रेक्षण कर रहा है।