23 अगस्त 2023 को भारत की चंद्रयात्रा ने इतिहास का एक नया अध्याय लिखा। अंतरिक्ष की गहन निस्तब्धता को पार करता हुआ ‘विक्रम’ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट सुरक्षित और सहज रूप से उतरा। इसी के साथ भारत चंद्रमा पर सफल अवतरण करने वाला विश्व का चौथा देश तथा उसके दक्षिणी ध्रुव के निकट पहुँचने वाला पहला राष्ट्र बन गया। इसके बाद ‘प्रज्ञान’ ने चंद्रभूमि पर अपने पहियों के निशान अंकित करते हुए भारत की वैज्ञानिक जिज्ञासा को एक नया विस्तार दिया। इस ऐतिहासिक अवतरण-स्थल को ‘शिव शक्ति बिंदु’ नाम दिया गया और 23 अगस्त को ‘राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस’ घोषित किया गया। 23 अगस्त 2026 को भारत अपना तीसरा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाएगा—उस उपलब्धि के सम्मान में, जिसने कभी दूर दिखाई देने वाले स्वप्न को राष्ट्र के गौरवपूर्ण इतिहास में बदल दिया।