नवंबर 12, 2024
भारत गणराज्य में मेक्सिको के राजदूत, महामहिम श्री फेडरिको सालास ने आज बेंगलुरु के अंतरिक्ष भवन में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष/अंतरिक्ष विभाग (डीओएस) के सचिव डॉ. सोमनाथ एस. से मुलाकात की।
अध्यक्ष, इसरो / सचिव, अंतरिक्ष विभाग ने इसरो और मैक्सिकन अंतरिक्ष एजेंसी (एईएम) द्वारा किए गए सफल सहयोग पर प्रकाश डाला, जिसमें उपग्रह डेटा का उपयोग करके दावानल के मानीटरन हेतु मोबाइल एप्लिकेशन का विकास तथा इसरो के अधिकारियों द्वारा अगस्त 2024 में मेक्सिको में मैक्सिकन अधिकारियों के लिए अंतरिक्ष प्रणालियों के उपयोग से दावानल प्रबंधन पर 4-दिवसीय कार्यशाला का आयोजन शामिल है। उन्होंने पर्यावरण और जलवायु अवलोकन के लिए जी20 उपग्रह मिशन और भारत तथा मैक्सिको के बीच संभावित उद्योग स्तर के सहयोग का भी उल्लेख किया।
मैक्सिकन राजदूत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में उपलब्धियों, विशेष रूप से चंद्रयान-3 मिशन द्वारा चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास सफल अवतरण के लिए भारत को बधाई दी, जिसे वैश्विक स्तर पर सराहा गया है। राजदूत ने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी अनुप्रयोगों, विशेष रूप से दावानल और कृषि सूखे के मानीटरन हेतु मैक्सिकन पक्ष को दिए गए सभी समर्थन के लिए भारत को धन्यवाद दिया। उन्होंने अंतरिक्ष सहयोग के लिए अतिरिक्त अवसर तलाशने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, क्योंकि भारत और मेक्सिको 2025 में राजनयिक संबंधों के 75वें वर्ष में प्रवेश करेंगे। उन्होंने लैटिन अमेरिकी और कैरेबियन अंतरिक्ष एजेंसी (एएलसीई) के साथ चल रहे सफल इसरो-एईएम सहयोग का विस्तार करने में रुचि व्यक्त की है।
इस पर विचार करने की सहमति देते हुए, अध्यक्ष, इसरो / सचिव, अंतरिक्ष विभाग ने राजदूत से मेक्सिको के लिए पृथ्वी अवलोकन उपग्रहों के निर्माण में भारत के सहयोग सहित अतिरिक्त अवसरों के उपयोग का अनुरोध किया।