इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया
होम /इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया

08 जुलाई, 2026

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 7 जुलाई, 2026 को मध्य प्रदेश के श्योपुर में हवाई वितरण अनुसंधान एवं विकास संस्थान (एडीआरडीई) ड्रॉप ज़ोन में गगनयान मिशन के लिए एक महत्वपूर्ण एकीकृत मुख्य पैराशूट एयरड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया।

गगनयान क्रू मॉड्यूल की अवमंदन प्रणाली (गति कम करने वाली प्रणाली) में 4 प्रकार के कुल 10 पैराशूट हैं। अवतरण अनुक्रम प्रक्रिया दो शीर्ष आवरण पृथक्कन पैराशूटों से प्रारंभ होती है, जो पैराशूट कक्ष के सुरक्षा आवरण को हटाने के पश्चात दो 'ड्रोग पैराशूट' मॉड्यूल को स्थिरता प्रदान करते हैं और उसकी गति कम करते हैं। ड्रोग पैराशूट के खुलने के बाद, तीन पायलट पैराशूट तीन मुख्य पैराशूटों को बाहर निकालते हैं, जो समुद्र में सुरक्षित रूप से अवतरण सुनिश्चित करने हेतु क्रू मॉड्यूल की गति को और कम कर देते हैं।

इस परीक्षण का उद्देश्य पहले बिना क्रू वाले गगनयान जी1 मिशन में अधिकतम संभावित भार की स्थितियों में मेन पैराशूट की संरचनात्मक मज़बूती और डिज़ाइन मार्जिन को परखना था। भारतीय वायु सेना के आईएल-76 जहाज का उपयोग करके, 2.5 किमी की ऊंचाई से एक मुख्य पैराशूट तथा मॅाक द्रव्यमान (वज़न) के अनुरूपी संयोजन को गिराया गया। नीचे आने की जटिल प्रक्रिया एक निकासन पैराशूट से प्रारंभ हुई, जिसने दोलन को स्थिर करने के लिए एक ड्रोग पैराशूट को खोला। आवश्यक स्थितियां प्राप्त होने पर मुख्य पैराशूट को खोला गया, जिसने नीतभार की रफ़्तार को कम करके सुरक्षित टर्मिनल स्पीड तक पहुँचाया।

यह गगनयान मिशन के लिए ज़रूरी मुख्य पैराशूट को अर्हक बनाने हेतु किए जा रहे एकीकृत मुख्य पैराशूट एयरड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) की शृंखला का पाँचवाँ परीक्षण है। आईएमएटी-05 का सफल समापन प्रथम कर्मीदल रहित गगनयान मिशन (जी1) के लिए मुख्य पैराशूट प्रणाली का निष्पादन और विश्वसनीयता के बारे में आवश्यक भरोसा दिलाता है।

यह सफल परीक्षण इसरो, डीआरडीओ, भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना का संयुक्त प्रयास है।

इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया।
इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया।
इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए एकीकृत मुख्य पैराशूट एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएमएटी) सफलतापूर्वक पूरा किया।

Description: Integrated Main Parachute Air Drop Test
Format : webm
File Size : 4.6 MB
Duration : 00:01:42
Plugin : NA