इस्ट्रैक उन्नत रडार अनुसंधान सुविधा (आईएआरआरएफ)
होम
/इस्ट्रैक उन्नत रडार अनुसंधान सुविधा (आईएआरआरएफ)
01 अक्टूबर, 2026
इस्ट्रैक उन्नत रडार अनुसंधान सुविधा (आईएआरआरएफ) को अगली पीढ़ी की रडार प्रौद्योगिकियों में अनुसंधान को आगे बढ़ाने के लिए एक बहुविषयक मंच के रूप में स्थापित किया जा रहा है, जो आयनमंडलीय और वायुमंडलीय विज्ञान, मौसम निगरानी, बादल अध्ययन और अंतरिक्ष मौसम अध्ययन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यह सुविधा वैज्ञानिकों को वायुमंडल और पृथ्वी के निकट अंतरिक्ष पर्यावरण में होने वाली महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का अवलोकन करने और उन्हें समझने में सक्षम बनाएगी, जिससे बेहतर मौसम पूर्वानुमान, अंतरिक्ष-मौसम आकलन, संचार और नौवहन अध्ययन तथा भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों और अनुप्रयोगों में सहायता मिलेगी। इसके सामाजिक अनुप्रयोग व्यापक हैं: आकस्मिक बाढ़ और शहरी बाढ़ की चेतावनी में सहायता करना, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की तात्कालिक भविष्यवाणी में सुधार करना, विमानन और हवाई अड्डे की सुरक्षा के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना, किसानों को सिंचाई, कटाई और फसल संरक्षण की योजना बनाने में सहायता करना तथा भारी वर्षा और ओलावृष्टि की घटनाओं के दौरान कृषि संबंधी परामर्श में सहायता करना। सरकार द्वारा आवश्यक अनुमोदन प्राप्त होने के बाद, आवश्यकतानुसार इस सुविधा में अतिरिक्त रडार भी स्थापित किए जाएंगे। ये रडार क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दोनों आवश्यकताओं को पूरा करेंगे।
आईएआरआरएफ छात्रों, विश्वविद्यालयों, अनुसंधान संस्थानों, स्टार्ट-अप्स, उद्योग और युवा वैज्ञानिकों के लिए एक साझा अनुसंधान और नवाचार मंच के रूप में भी कार्य करेगा। यह प्रयोग करने, नई रडार प्रौद्योगिकियों को विकसित करने, वैज्ञानिक मॉडलों का सत्यापन करने तथा अनुसंधान विचारों को व्यावहारिक अनुप्रयोगों में परिवर्तित करने के अवसर प्रदान करेगा। शिक्षा जगत, राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं और उद्योग को एक साथ लाकर, यह सुविधा एक सुदृढ़ अनुसंधान परितंत्र के निर्माण, अंतर्विषयक सहयोग को प्रोत्साहित करने, विशेषज्ञता विकसित करने, स्वदेशी प्रौद्योगिकी के विकास को बढ़ावा देने तथा वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की अगली पीढ़ी को प्रेरित करने में सहायता करेगी। इस सुविधा में एक अंतरिक्ष प्रदर्शनी भी स्थापित की जाएगी, जिसमें भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह प्रदर्शनी छात्रों और युवा पेशेवरों को अंतरिक्ष अनुसंधान को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित करेगी।
शिलापट्टिका/शिलान्यास समारोह
इस्ट्रैक उन्नत रडार अनुसंधान सुविधा (आईएआरआरएफ)