इसरो ने उच्चतर थ्रस्ट लेवल पर सेमी-क्रायोजेनिक इंजन पावर हेड टेस्ट आर्टिकल का सफल तप्त परीक्षण किया
होम / इसरो ने उच्चतर थ्रस्ट लेवल पर सेमी-क्रायोजेनिक इंजन पावर हेड टेस्ट आर्टिकल का सफल तप्त परीक्षण किया

27 जून, 2026

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 24 जून 2026 को तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो नोदन कॉम्प्लेक्स (आई पी आर सी) में 175 टन के थ्रस्ट लेवल पर सेमी-क्रायोजेनिक इंजन पावर हेड टेस्ट आर्टिकल (पी एच टी ए ) का सफल तप्त परीक्षण किया। पावर हेड टेस्ट आर्टिकल (पी एच टी ए) में थ्रस्ट चैंबर को छोड़कर इंजन की सभी प्रणालियाँ शामिल होती हैं। यह पी एच टी ए का इस्तेमाल करके किए जा रहे तप्त परीक्षण की शृंखला का आठवां परीक्षण है। इस परीक्षण के उद्देश्य में प्री-बर्नर प्रज्वलन के बाद क्रमिक वृद्धि का अध्ययन और उच्चतर थ्रस्ट लेवल पर स्थिर प्रचालन का प्रदर्शन शामिल था। पिछले पी एच टी ए परीक्षण 47% (94 टन) और 60% (120 टन) थ्रस्ट लेवल पर किए गए थे। इस परीक्षण में, पी एच टी ए का पहली बार 175 टन थ्रस्ट लेवल (88%) पर परीक्षण किया गया और 400 और 500 बार बहिर्गामी दाब उत्पन्न करने वाले मुख्य टर्बोपंप के सफल प्रचालन का भी प्रदर्शन किया गया।

परीक्षण आशा के अनुरूप हुआ और इंजन के सभी प्राचलों ने अपेक्षा के अनुसार काम किया । इस परीक्षण ने 200 टन (100%) थ्रस्ट लेवल पर इंजन पावरहेड के स्थिर प्रदर्शन के अच्छे निष्पादन का पर्याप्त भरोसा दिलाया है और सेमी-क्रायोजेनिक इंजन के स्वदेशी विकास में एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की है।

2000 kN-वर्ग के SE2000 इंजन से चलने वाले सेमी-क्रायोजेनिक प्रोपल्शन स्टेज (SC120) को LVM3 प्रमोचक रॉकेट के मौजूदा L110 कोर स्टेज को बदलने के लिए विकसित किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अपग्रेड से पेलोड क्षमता में काफ़ी बढ़ोतरी होने और प्रचालनात्मक क्षमता में सुधार होने की उम्मीद है। सेमी-क्रायोजेनिक सिस्टम स्वच्छ, गैर-ज़हरीले प्रोपेलेंट-द्रव ऑक्सीजन (LOX) और शुद्ध केरोसिन (इसरोसीन)-का इस्तेमाल करता है, जो पारंपरिक प्रोपल्शन स्टेज की तुलना में बेहतर प्रदर्शन देता है। सेमी-क्रायोजेनिक प्रोपल्शन सिस्टम का एक अपग्रेडेड क्रायोजेनिक ऊपरी चरण के साथ समेकन, LVM3 की पेलोड क्षमता को बढ़ाने की दिशा में इसरो के रोडमैप में एक बड़ी प्रगति को दर्शाता है।

इसरो  ने उच्चतर  थ्रस्ट लेवल पर सेमी-क्रायोजेनिक इंजन पावर हेड टेस्ट आर्टिकल का सफल तप्त परीक्षण किया
इसरो  ने उच्चतर  थ्रस्ट लेवल पर सेमी-क्रायोजेनिक इंजन पावर हेड टेस्ट आर्टिकल का सफल तप्त परीक्षण किया