अप्रैल 10, 2026
गगनयान मिशन के लिए दूसरा एकीकृत एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएडीटी-02) 10 अप्रैल, 2026 को सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस परीक्षण में प्रथम मानवरहित गगनयान मिशन (जी1) के कर्मीदल मॉड्यूल के द्रव्यमान के बराबरलगभग 5.7 टन वजनी एक कृत्रिम कर्मीदल मॉड्यूलको भारतीय वायु सेना के चिनूक हेलीकॉप्टर द्वारा लगभग 3 किलोमीटर की ऊंचाई से श्रीहरिकोटा तट के निकट समुद्र में एक निर्दिष्ट ड्रॉप क्षेत्र में छोड़ा गया।
कर्मीदल मॉड्यूल के अवरोहण के दौरान चार प्रकार के दस पैराशूट एक सटीक क्रम में तैनात किए गए, जिससे सुरक्षित अवतरण के लिए गति धीरे-धीरे कम हो गई। इसके बाद, भारतीय नौसेना के समन्वय से कृत्रिम कर्मीदल मॉड्यूल की पुनःप्राप्ति की गई। आईएडीटी-02 परीक्षण ने कर्मीदल मॉड्यूल में पैराशूट-आधारित मंदन प्रणालियों की वैधता को प्रमाणित किया।
यह परीक्षण गगनयान जी1 मिशन की तैयारियों की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है, जिसमें भारतीय वायु सेना, भारतीय नौसेना और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) का सक्रिय सहयोग और भागीदारी शामिल है।
विवरण: इसरो ने गगनयान के लिए दूसरा एकीकृत एयर ड्रॉप परीक्षण (आईएडीटी-02) आयोजित किया। प्रारूप: वेबएम फ़ाइल का आकार: 11.03 एमबी अवधि : 00:01:05 प्लगइन: NA