बेंगलूरु में आरआईएसई सम्मेलन 2026 में इसरो की भागीदारी
होम
/ बेंगलूरु में आरआईएसई सम्मेलन 2026 में इसरो की भागीदारी
जून 19, 2026
वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) ने बेंगलूरु में आरआईएसई (अनुसंधान, उद्योग, स्टार्ट-अप और उद्यमिता) सम्मेलन 2026 का छठा संस्करण आयोजित किया। इसका विषय "विकसित भारत 2047 के लिए नवाचार और उद्यमिता-आधारित विकास" था। इसरो ने इस सम्मेलन में हिस्सा लिया और एक अंतरिक्ष प्रदर्शनी लगाई। इस सम्मेलन में शोधार्थियों, उद्योग जगत के नेतृत्वकर्ताओं, स्टार्ट-अप्स, उद्यमियों, नीति निर्माताओं और शिक्षाविदों को एक साथ लाया गया ताकि सहयोग को बढ़ावा देकर प्रौद्योगिकी-आधारित विकास को आगे बढ़ाया जा सके।
इस सम्मेलन का उद्घाटन विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और परमाणु ऊर्जा तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया। अपने उद्घाटन भाषण में, उन्होंने 'विकसित भारत 2047' के विज़न को साकार करने में नवाचार, उद्यमिता और उद्योग-शिक्षा जगत की सहभागिता के महत्व पर बल दिया।
सचिव, अंतरिक्ष विभाग और अध्यक्ष, इसरो डॉ. वी. नारायणन ने सचिव, डीएसआईआर और सीएसआईआर के महानिदेशक की मौजूदगी में मुख्य भाषण दिया। उन्होंने राष्ट्र-निर्माण में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और सहयोगी परितंत्र की भूमिका पर बल दिया और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की अभिनव उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
इस प्रदर्शनी के भाग के रूप में, इसरो ने प्रमोचन यानों और उपग्रहों के छोटे मॉडल को प्रदर्शित करने के लिए एक विशिष्ट स्टॉल लगाया, जिसमें चंद्रयान-4, चंद्रयान-3 और निसार के मॉडल शामिल थे। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आने वाले लोगों को भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों, चल रहे कार्यक्रमों और भविष्य के मिशनों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का मौका मिला। सम्मेलन में शामिल होने वाले शोधार्थियों, उद्योग जगत के अनुभवी व्यक्तियों और स्टार्ट-अप्स को इसरो के स्टॉल ने आकृष्ट किया।