भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली ने अंतरिक्ष चिकित्सा और अनुसंधान में सहयोग के लिए एक ढांचागत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
होम / इसरो और एम्स, नई दिल्ली ने अंतरिक्ष चिकित्सा और अनुसंधान में सहयोग के लिए एक ढांचागत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए

10 मार्च, 2026

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के साथ अंतरिक्ष चिकित्सा और अनुसंधान में सहयोग हेतु एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस एमओयू का उद्देश्य इसरो के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के अनुरूप संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देना है, जिसका साझा लक्ष्य मानव अंतरिक्ष अभियानों के दौरान मानव स्वास्थ्य, प्रदर्शन और सुरक्षा को बेहतर बनाना है। एमओयू पर मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र के निदेशक श्री दिनेश कुमार सिंह और एम्स के निदेशक डॉ. एम श्रीनिवास ने अध्यक्ष, इसरो और सचिव, अंतरिक्ष विभाग डॉ. वी. नारायणन की उपस्थिति में हस्ताक्षर कर समझौते का आदान-प्रदान किया।

भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और चंद्रमा पर मानवयुक्त मिशन जैसे दीर्घकालिक मानव अंतरिक्ष मिशन, अंतरिक्ष के चरम वातावरण और सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण के कारण अनोखी चिकित्सा चुनौतियां पेश करते हैं। इस सहयोग का उद्देश्य अंतरिक्ष के चरम वातावरण में मानव स्वास्थ्य और कार्यक्षमता को बनाए रखने के लिए बहुविषयक अंतरिक्ष चिकित्सा विशेषज्ञता, चिकित्सा उपकरण, प्रक्रियाएं और प्रोटोकॉल विकसित करने हेतु भू/अंतरिक्ष-आधारित अध्ययन करना और साथ ही राष्ट्र के लिए स्वास्थ्य सेवा को उन्नत बनाना है।

मानव शरीर विज्ञान, व्यवहारिक स्वास्थ्य, प्रतिरक्षा विज्ञान और आंत माइक्रोबायोम, जैव चिकित्सा, तंत्रिका विज्ञान और तंत्रिका शरीर क्रिया विज्ञान, पोषण और चयापचय स्वास्थ्य, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण में मांसपेशीय-कंकाल प्रणाली क्षीणता एवं बुढापा, संक्रामक रोगों पर नियंत्रण तथा अंतरिक्ष वातावरण में मानव स्वास्थ्य एवं प्रदर्शन में सुधार के लिए प्रतिकारी उपायों के क्षेत्रों में केंद्रित अनुसंधान और विकास की योजना बनाई गई है।

इस शोध सहयोग के माध्यम से, इसरो और एम्स ने अंतरिक्ष चिकित्सा को उन्नत बनाने, अंतःविषयक अनुसंधान को बढ़ावा देने और भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम की पहलों का सहयोग करने के लिए दीर्घकालिक संस्थागत सहयोग कायम करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की और यह देश में वैज्ञानिक समुदाय के लिए नए नवाचारों को भी बढ़ावा देकर नए अवसर पैदा करेगा।

इसरो और एम्स, नई दिल्ली ने अंतरिक्ष चिकित्सा और अनुसंधान में सहयोग के लिए एक ढांचागत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
इसरो और एम्स, नई दिल्ली ने अंतरिक्ष चिकित्सा और अनुसंधान में सहयोग के लिए एक ढांचागत समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए