इसरो-ईयूमेटसैटसंयुक्त विज्ञान सहयोग सम्मेलन (10-12 फरवरी, 2026)
होम / इसरो-ईयूमेटसैटसंयुक्त विज्ञान सहयोग सम्मेलन (10-12 फरवरी, 2026)

04 मार्च, 2026

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और यूरोपीय मौसम-विज्ञान उपग्रह दोहन के लिए यूरोपियन संगठन (ईयूएमेटसेट) भू-विज्ञान से संबंधित वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रचालनात्मक अनुप्रयोगों के लिए अंतरिक्ष मिशनों के क्षेत्र में व्यापक रूप से सहयोग कर रहे हैं।नीतभार विकास, डेटा साझाकरण, एल्गोरिदम परिशोधन, अंशांकन/मान्यकरण (केल/वेल) और अनुप्रयोग विकास में वर्षों के संयुक्त प्रयासों के माध्यम से यह साझेदारी मजबूत हुई है। इस सफल सहयोग का एक उल्लेखनीय उदाहरण ओशनसैट-2, स्कैटसैट-1 और ओशनसैट-3 पर लगे प्रकीर्णमापी नीतभार से इसरो द्वारा प्राप्त उच्च गुणवत्ता वाले महासागर सतह पवन सदिश डेटा हैं, जिनका व्यापक रूप से अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय और प्रचालनात्मक मौसम एजेंसियों द्वारा उपयोग किया गया है। हाल के वर्षों में, हिंद महासागर क्षेत्र में कार्यरत ईयूमेटसैटके द्वितीय पीढ़ी के मौसम उपग्रह (एमएसजी) उपग्रहों से प्राप्त डेटा का उपयोग करके चरम मौसम पूर्वानुमान के क्षेत्र में सहयोग का और विस्तार हुआ है।

इस सहयोग को सुदृढ़ और विस्तारित करने के लिए, 10-12 फरवरी, 2026 के दौरान अंतरिक्ष उपयोग केंद्र (सैक), इसरो, अहमदाबाद में ईयूमेटसैटप्रतिनिधिमंडल (10 वैज्ञानिक/इंजीनियर व्यक्तिगत रूप से और 7 ऑनलाइन माध्यम से) के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसरो के विभिन्न केंद्रों से लगभग 150 वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक का उद्देश्य वैज्ञानिक सहयोग की स्थिति की समीक्षा करना और नीतभार निर्माण, डेटा संसाधन, पुनर्प्राप्ति एल्गोरिदम, केल/वेल की गतिविधियों और अनुप्रयोगों में भविष्य के सहयोगात्मक मार्गों को परिभाषित करना था। विचार-विमर्श में एक पूर्ण सत्र, उसके बाद पांच समानांतर विषयगत सत्र और एक विशेष ब्रेकआउट सत्र शामिल थे।

इसरो और ईयूमेटसैट, दोनों ने वैज्ञानिक एल्गोरिदम विकास, केल/वेल को सुदृढ़ करने, डेटा सामंजस्य स्थापित करने और प्रचालन एवं अनुसंधान अनुप्रयोगों के लिए उपग्रह डेटा के बेहतर उपयोग पर केंद्रित अल्पकालिक, मध्यकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों को शामिल करते हुए एक स्तरीय दृष्टिकोण पर सहमति व्यक्त की। बैठक में भू प्रेक्षण विज्ञान को आगे बढ़ाने और बेहतर मौसम, महासागर एवं जलवायु सेवाओं के माध्यम से सामाजिक लाभ प्रदान करने में इसरो-ईयूमेटसैट साझेदारी के रणनीतिक महत्व की पुष्टि की गई।

Inaugural of ISRO – EUMETSAT Joint Science Meet

Inaugural of ISRO – EUMETSAT Joint Science Meet

Glimpses of ISRO - EUMETSAT Joint Science Meet

Glimpses of ISRO – EUMETSAT Joint Science Meet