गोवा, भारत में 20वीं अंतरराष्ट्रीय जी.एन.एस.एस. समिति (आई.सी.जी.-20) की मेजबानी
होम / गोवा, भारत में 20वीं अंतरराष्ट्रीय जी.एन.एस.एस. समिति (आई.सी.जी.-20) की मेजबानी

13 नवंबर, 2026

वर्ष 2005 में संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में स्थापित एक महत्वपूर्ण मंच अंतरराष्ट्रीय वैश्विक नौवहन उपग्रह प्रणाली (आई.सी.जी.) समिति है। इसका उद्देश्य नागरिक उपग्रह-आधारित स्थिति निर्धारण, नौवहन, काल-निर्धारण तथा मूल्यवर्धित सेवाओं से संबंधित पारस्परिक हित के मामलों में स्वैच्छिक सहयोग को बढ़ावा देना है।

इसरो/अं.वि. को संयुक्त राष्ट्र बाह्य अंतरिक्ष मामलों के कार्यालय (यू.एन.ओ.ओ.एस.ए.) के साथ मिलकर 25 से 30 अक्टूबर, 2026 को गोवा, भारत में आई.सी.जी. की 20वीं वार्षिक बैठक (आई.सी.जी.-20) की मेजबानी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस बैठक में व्यक्तिगत रूप से 263 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिनमें 20 देशों के 176 विदेशी प्रतिनिधि शामिल थे तथा 84 प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से भागीदारी की। इन प्रतिनिधियों में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, उपग्रह नौवहन, काल-निर्धारण, भूगणित तथा संबद्ध विषयों के क्षेत्र के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ शामिल थे।

डॉ. वी. नारायणन, सचिव, अंतरिक्ष विभाग एवं अध्यक्ष, इसरो, उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि थे। सुश्री आरती होला-माइनी, निदेशक, संयुक्त राष्ट्र बाह्य अंतरिक्ष मामलों का कार्यालय (यू.एन.ओ.ओ.एस.ए) ने वीडियो संदेश के माध्यम से बैठक को संबोधित किया। श्री एम. गणेश पिल्लई, वैज्ञानिक सचिव, इसरो ने प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा आई.सी.जी. के सभी सदस्यों, सहयोगी सदस्यों, पर्यवेक्षकों, कार्यकारी समूहों, सेवा प्रदाता मंच और यू.एन.ओ.ओ.एस.ए के समर्पित प्रयासों के प्रति अपनी सराहना व्यक्त की। उन्होंने उल्लेख किया कि भारत को आई.सी.जी. के संस्थापक सदस्यों में से एक होने का गौरव प्राप्त है तथा सेवा प्रदाता मंच की स्थापना वर्ष 2007 में बेंगलूरु, भारत में आयोजित आई.सी.जी. की दूसरी बैठक के दौरान की गई थी। निदेशक, यू.आर.एस.सी. श्री डी.के. सिंह ने आई.सी.जी. मंच तथा उपग्रह नौवहन के क्षेत्र में इसके महत्व के संबंध में प्रारंभिक वक्तव्य दिया। सुश्री शराफत गादिमोवा, यू.एन.ओ.ओ.एस.ए की तथा श्री पी. एस. सुरा, कार्यक्रम निदेशक, उपग्रह नौवहन कार्यक्रम कार्यालय, इसरो भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित थे।

डॉ. वी. नारायणन, सचिव, अंतरिक्ष विभाग एवं अध्यक्ष, इसरो ने मुख्य संबोधन दिया। उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का एक अवलोकन प्रस्तुत किया, जिसमें भारत में नौवहन कार्यक्रम के विकासक्रम तथा आम नागरिकों को इससे होने वाले लाभों पर विशेष बल दिया गया। उन्होंने सभी प्रमुख जी.एन.एस.एस. सेवा प्रदाताओं के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने प्रतिनिधियों को एन.वी.एस.-03 के आगामी प्रमोचन के बारे में अवगत कराया तथा टिप्पणी की कि इस मिशन का आई.सी.जी.-20 की बैठक के साथ संयोग राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी प्रगति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग के बीच घनिष्ठ संबंध की समयोचित याद दिलाता है। उन्होंने उल्लेख किया कि भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए अंतरिक्ष क्षेत्र के सुधारों के परिणामस्वरूप भारत में 440 से अधिक अंतरिक्ष स्टार्टअप अस्तित्व में आए हैं। उन्होंने आगे बताया कि इनमें से अनेक स्टार्टअप उपग्रह नौवहन के क्षेत्र में योगदान दे रहे हैं।

यह बैठक छह दिनों की अवधि में आयोजित की गई। इसकी शुरुआत 25 अक्तूबर को सेवा प्रदाता मंच से हुई। इसके बाद 26 अक्तूबर को प्लीनरी सत्र, 27 से 28 अक्तूबर तक पाँच कार्यकारी समूहों की समानांतर बैठकें, 29 अक्तूबर को "उच्च परिशुद्धता वाले व्यापक बाजार अनुप्रयोग (पी.पी.पी. एवं आर.टी.के. का एकीकरण)" विषय पर अनुप्रयोग एवं विशेषज्ञ संगोष्ठी तथा 29 से 30 अक्तूबर तक प्लीनरी सत्र आयोजित किए गए। डॉ. मनीष सक्सेना, निदेशक, उपग्रह संचार एवं नौवहन कार्यक्रम कार्यालय, इसरो ने सेवा प्रदाता मंच की अध्यक्षता की तथा श्री पी. एस. सुरा, इसरो ने आई.सी.जी.-20 की बैठकों की अध्यक्षता की। इन बैठकों में हुए विचार-विमर्श के दौरान सार्थक विचारों का आदान-प्रदान हुआ। बैठक में नौवहन प्रणालियों, प्रौद्योगिकियों तथा अनुप्रयोगों से संबंधित विभिन्न विषयों पर 11 सिफारिशें अपनाई गईं। बैठक में सेवा प्रदाता मंच की सारांश रिपोर्ट तथा आई.सी.जी. का संयुक्त वक्तव्य भी अपनाया गया। इस कार्यक्रम के अवसर पर द्विपक्षीय बैठकें भी आयोजित की गईं। उपग्रह नौवहन के क्षेत्र में कार्यरत भारतीय उद्योगों तथा स्टार्टअपों ने अपनी स्वदेशी प्रौद्योगिकियों एवं समाधानों का अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष प्रदर्शन किया।

आई.सी.जी.-20 ने नागरिक उपग्रह-आधारित पी.एन.टी. तथा मूल्यवर्धित सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग, अनुकूलता, अंतःप्रचालनीयता एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए स्वयं को एक प्रभावी मंच के रूप में सिद्ध किया।

चित्र 1 सचिव, अं.वि. यू.एन.ओ.ओ.एस.ए. पदाधिकारी को स्मृति चिह्न से सम्मानित करते हुए

चित्र 1 सचिव, अं.वि. यू.एन.ओ.ओ.एस.ए. पदाधिकारी को स्मृति चिह्न से सम्मानित करते हुए

चित्र 2 आई.सी.जी.20 समूह तस्वीर

चित्र 2 आई.सी.जी.20 समूह तस्वीर

चित्र 3 आई.सी.जी.20 सेवा प्रदाता मंच की बैठक

चित्र 3 आई.सी.जी.20 सेवा प्रदाता मंच की बैठक

चित्र 4 आई.सी.जी.20 प्लीनरी बैठक

चित्र 4 आई.सी.जी.20 प्लीनरी बैठक

चित्र 5 आई.सी.जी.20 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल समूह तस्वीर

चित्र 5 आई.सी.जी.20 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल समूह तस्वीर

चित्र 6 आई.सी.जी.20 समापन के बाद समूह तस्वीर

चित्र 6 आई.सी.जी.20 समापन के बाद समूह तस्वीर