इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए कर्मीदल मॉड्यूल-सेवा मॉड्यूल पृथक्करण परीक्षण
सफलतापूर्वक सम्पन्न किए।
होम
/इसरो ने गगनयान कार्यक्रम के लिए कर्मीदल मॉड्यूल-सेवा मॉड्यूल पृथक्करण परीक्षण
सफलतापूर्वक सम्पन्न किए।
October 16, 2026
इसरो ने गगनयान मिशनों के लिए 'कर्मीदल मॉड्यूल (सीएम)-सेवा मॉड्यूल (एसएम) पृथक्करण परीक्षण की एक शृंखला सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। गगनयान कक्षीय मॉड्यूल में एक कर्मीदल मॉड्यूल (सीएम) और एक सेवा मॉड्यूल (एसएम) शामिल होते हैं, जो एक पृथक्करण प्रणाली के माध्यम से आपस में जुड़े होते हैं। सीएम और एसएम के बीच विद्युत और द्रव परिचरण, नाभीय संयोजनों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाता है। प्रमोचन से पहले इन मॉड्यूल को आपस में जोड़ दिया जाता है, और ये प्रमोचन से लेकर मिशन के कक्षीय चरण के सम्पन्न होने तक एक एकल एकीकृत मॉड्यूल के रूप में काम करते हैं। पृथ्वी के वायुमंडल में पुनः प्रवेश करने से पहले, सीएम को एसएम से अलग किया जाता है। सीएम को एसएम से अलग करने की प्रक्रिया में अनेक सटीक क्रम वाली घटनाएं शामिल होती हैं, जिनमें पायरोटेक्निक उपकरणों और अवभारण प्रणालियों का उपयोग किया जाता है।
पृथक्करण प्रणाली के डिज़ाइन की समग्र उपयुक्तता को सत्यापित करने के लिए, तिरुवनंतपुरम स्थित विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र में व्यापक उपकरणों से लैस एक परीक्षण व्यवस्था तैयार की गई, जिसका उद्देश्य सम्पूर्ण सीएम-एसएम संयोजन की कार्यप्रणाली का अनुकरण करना था। इस परीक्षण में सीएम-एसएम के पृथक होने की स्थिति का अनुकरण किया गया, जिसमें सीएम और एसएम के बीच के अनेक 'नाभीय संयोजनों' को काटना शामिल था। समग्र सीएम-एसएम पृथक्करण प्रणालियों के डिज़ाइन की उपयुक्तता को सत्यापित करने के अलावा, इन परीक्षणों ने सीएम की विभिन्न महत्वपूर्ण उप-प्रणालियों की मज़बूती और झटकों को सहने की उनकी क्षमता को भी प्रदर्शित किया है। इनमें विभिन्न उड्डयानिकी प्रणालियां, जड़त्वीय नौवहन प्रणालियां, पार्श्व और शंक्वाकार ऊष्मा कवच में तापीय सुरक्षा प्रणाली, कर्मीदल मॉड्यूल का प्रस्तरीय नाभीय कवच, साथ ही कर्मीदल मॉड्यूल को सीधा करने वाली प्रणाली के पायरोटेक्निक उपकरण और तापीय एवं आर्द्रता नियंत्रण प्रणाली शामिल हैं। इस परीक्षण से आगामी प्रथम मानव रहित गगनयान मिशन (जी1) के लिए क्रियान्वित सीएम-एसएम पृथक्करण प्रणाली की कार्यपद्धति पर आवश्यक विश्वास प्राप्त होता है, जिसे वर्ष 2026 में प्रमोचित करने का लक्ष्य है
सीएम-एसएम पृथक्करण परीक्षण व्यवस्था – परीक्षण से पहले और बाद में
- विवरण : गगनयान कर्मीदल मॉड्यूल-सेवा मॉड्यूल पृथक्करण परीक्षण
- प्रारूप : webm
- फाइल साइज़ : 1.09 एमबी
- अवधि : 00:00:22
- प्लगइन : NA