भारतीय अंतरिक्ष हैकथॉन 2026 - ग्रैंड फिनाले सफलतापूर्वक संपन्न हुआ
होम / भारतीय अंतरिक्ष हैकथॉन 2026 - ग्रैंड फिनाले

10 अगस्त, 2026

भारतीय अंतरिक्ष हैकाथॉन (बीएएच) के तीसरे संस्करण, जो एक राष्ट्रीय स्तर का हैकाथॉन है, का प्रारंभ 10 जून 2026 को हुआ और इसका ग्रैंड फ़िनाले 6-7 अगस्त 2026 को आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम इसरो की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य देश भर के युवाओं को प्रेरित करना, शामिल करना और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में रचनात्मकता, नवाचार और समस्या समाधान को बढ़ावा देना है।

बीएएच 2026 में भूस्थानिक प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, प्रतिबिंब संसाधन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता /मशीन लर्निंग (एआई/एमएल) जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट रूप से चुने गए 15 समस्या विवरण शामिल थे। इस हैकाथॉन के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी कर रहे 1,00,000 से ज़्यादा छात्रों ने पंजीकरण कराया। कुल 15,104 टीमों, जिनमें से प्रत्येक टीम में 3-4 सदस्य थे, ने दिए गए समस्या विवरण के लिए अभिनव समाधान प्रस्तुत किए। प्रस्तुत किए गए सुझावों के मूल्यांकन के पश्चात, देश भर की सबसे होनहार युवा प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करने वाली शीर्ष 34 टीमों को ग्रैंड फिनाले में मुकाबला करने के लिए चुना गया।

ग्रैंड फ़िनाले हैदराबाद के राष्ट्रीय सुदूर संवेदन केंद्र (एनआरएससी) में आयोजित किया गया और यह 30 घंटे का एक गहन कार्यक्रम था। फ़िनाले के दौरान, भाग लेने वाली टीमों ने अपने समाधान तैयार किए और एनआरएससी के निदेशक डॉ. प्रकाश चौहान की अध्यक्षता वाली निर्णायक समिति के समक्ष उन्हें प्रस्तुत किया। टॉप तीन टीमों का चयन उनके समाधानों की रचनात्मकता, तकनीकी उत्कृष्टता और व्यावहारिकता के आधार पर किया गया।

भारतीय अंतरिक्ष हैकथॉन 2026 - ग्रैंड फिनाले
भारतीय अंतरिक्ष हैकथॉन 2026 - ग्रैंड फिनाले