रिसोर्ससैट-2 का वहन करते हुए ध्रुवीय उपग्रह प्रमोचक राकेट (पीएसएलवी-सी16) के प्रमोचन हेतु तैयारियाँ सतीश धवन अन्तरिक्ष केन्द्र, श्रीहरिकोटा में अच्छी तरह प्रगतीकर रही हैं। इस मिशन में पीएसएलवी-सी16 रिसोर्ससैट-2, यूथसैट और एक्स-सैट उपग्रहों का प्रमोचन करेगा।
रिसोससैट-2, इसरो द्वारा निर्मित एक प्राथमिक उपग्रह, प्राकृतिक संसाधनों के अध्ययन और प्रबन्धन की सहायता हेतु 1206 कि.ग्रा भारवाला एक उन्नत सुदूर संवेदन उपग्रह है। यूथसैट तारकीय और वायुमण्डलीय अध्ययनों के लिए 92 कि.ग्रा भारवाला एक संयुक्त भारत-रूसी उपग्रह है। एक्स-सैट, नान्यांग प्रौद्योगिकी विश्वविद्याल(एन टी यू), सिंगापुर द्वारा निर्मित प्रतिबिंबन उपयोगों के लिए 105 कि .ग्रा भारवाला एक सूक्ष्म उपग्रह है। सभी तीनों उपग्रहों का प्रमोचित्र के साथ समेकन सफलतापूर्वक किया गया है। रॉकेट जाँचपड़ताल के अंतिम चरण के सफल समापन के बाद प्रमोचन-पूर्व और प्रमोचन पूर्वाभ्यास प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
अप्रैल 16, 2011 को निर्धारित बैठक में प्रमोचन प्राधिकरण बोर्ड, प्रमोचक रॉकेट उपग्रह और भू केन्द्रों की तैयारी की समीक्षा करेगा और पीएसएलवी-सी16 /रिसोर्ससैट-2 मिशन के प्रमोचन के लिए प्राधिकृत करेगा। अप्रैल 18, 2011 के प्रातःकाल से उलटी गिनती शुरू होने की संभावना है। पीएसएलवी-सी16 का प्रमोचन फिलहाल अप्रैल 20, 2011 को 10:12 बजे (आई एस टी) करना निर्धारित है।